उत्तरकाशी जिले के प्रभारी मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल पहुंचे सिलक्यारा, सुरंग के अंदर जाकर किया मौका मुआयनाo
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। उत्तरकाशी जिले के सिलक्यारा सुरंग के अंदर 10 दिन से फंसे 41 मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए जहां अन्य विकल्पों पर तेजी से काम जारी है, वहीं ऑगर मशीन से दोबारा मंगलवार को ड्रिलिंग शुरू की गई।
इस मशीन के मार्फत अब तक करीब 34 मीटर तक ड्रिलिंग की जा चुकी है। गौरतलब हो कि इसके पूर्व 900 एमएम व्यास के पाइप 22 मीटर तक डाले गए थे। उसी दौरान सुरंग में कंपन होने की वजह से इस मशीन के मार्फत पाइप लाइनों को डालने का काम रोक दिया गया था। सूत्रों का कहना है कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो मंगलवार शाम तक पाइपों के आरपार हो जाने की भी उम्मीद है, क्योंकि ऑगर मशीन से पांचवें पाइप को डालने का काम शुरू हुआ है।
उधर, ऑगर मशीन के चलने के दौरान फिर सुरंग के भीतर कंपन महसूस किए जा रहे हैं। इसको देखते हुए फिलहाल मौके से बाकी लोगों को बाहर कर दिया गया है। मौके पर केवल जरूरी ऑपरेटर और विशेषज्ञ ही मौजूद हैं, जो ड्रिलिंग की कार्यवाई को आगे बढ़ा रहे हैं। उधर शाम चार बजे के आसपास उत्तरकाशी जनपद के प्रभारी और धामी सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल सिलक्यारा पहुंचे और सुरंग का निरीक्षण किया और अफसरों से जानकारी लेकर जरूरी निर्देश भी दिए।
उधर, सिलक्यारा सुरंग के ऊपर बोरिंग करने के लिए भी मंगलवार को एक मशीन पहुंच गई है। इस मशीन को सुरंग के बगल से बनाई गई अस्थाई सड़क से ऊपर पहुंचाया गया। इसके बाद इस मशीन से दूसरी तरफ से ड्रिलिंग कर पाइपों के जरिए अंदर फंसे मजदूरों तक पहुंचकर सभी को सकुशल बाहर निकाला जाएगा।

![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश