खिचड़ी के बाद दसवें दिन फल और दाल-चावल भी मजदूरों तक पहुंचाने में मिली सफलता, सभी गदगद
सुरंग में फंसे मजदूरों की पहली बार तस्वीरें और वीडियो एंडोस्कोपिक कैमरे के चलते बाहर आईं
बेबाक दुनिया ब्यूरो
उत्तरकाशी। सिलक्यारा की सुरंग में 10 दिन से भूस्खलन होने की वजह से अंदर फंसे 41 मजदूरों तक छह इंच के पाइप के जरिए मंगलवार को फल पहुंचाए गए। साथ ही पहली बार सुरंग के अंदर फंसे मजदूर वीडियो में दिखाई भी पड़े।
पाइप के जरिए सोमवार की देर रात ही एंडोस्कोपिक कैमरा सुरंग के अंदर पहुंचा दिया गया था। इसके बाद मंगलवार सुबह तक टनल के अंदर चहलकदमी करते सभी मजदूर कैमरे में कैद हो गए। इसका वीडियो और ऑडियो भी तेजी से वायरल भी हो गया। वैसे ये वीडियो और स्टिल फोटोग्राफ्स प्रशासन ने मीडिया के लिए जारी किए हैं, जिससे पता चलता है कि अंदर सभी मजदूर सुरक्षित हैं और एक दूसरे से बातचीत भी कर रहे हैं।
उधर, मंगलवार को सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को छह इंच के पाइप से फल भी भेजे गए हैं। मजदूरों के परिजनों के मुताबिक, अंदर फंसे सभी लोग सुरक्षित हैं और उन्हें खाने के लिए संतरे दिए गए हैं। इसके अलावा दाल और चावल भी भेजे गए हैं। गौरतलब हो कि सोमवार को इसी छह इंच के पाइप को मजदूरों तक ड्रिल करके आरपार किया गया था और कुछ देर बाद मजदूरों को बोतलों के जरिए खिचड़ी खाने के लिए पहुंचाई गई थी।
ब्लॉक पाइप लाइन को साफ किया गया
जानकारी के मुताबिक, सिलक्यारा सुरंग के अंदर सोमवार की रात सवा तीन बजे के आसपास छह इंच की पाइप लाइन ब्लॉक हो गई थी, जिसको फायर ब्रिगेड की टीम ने पानी के प्रेशर से साफ कर दिया था। इसके बाद ही एंडोस्कोपिक कैमरा मजदूरों के फंसे वाले हिस्से में पहुंच पाया था।



![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश