May 25, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

17 दिन, 41 मजदूर…और छट गया अंधेरा

Spread the love

मंगलवार को शाम तक सभी मजदूरों को सकुशल बचाव दल ने टनल से बाहर निकाला

सुरंग में फंसे श्रमिकों को एक-एक लाख की आर्थिक सहायता देगी राज्य की धामी सरकार

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून/उत्तरकाशी। आखिरकार मंगलवार को 17वें दिन देर शाम उत्तरकाशी के सिलक्यारा गांव के पास ऑल वेदररोड परियोजना के तहत यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियों ने सुरंग के अंदर से बाहर निकाल लिया।

उधर, मुख्यमंत्री ने मौके पर ही घोषणा की कि सुरंग में फंसे श्रमिकों को एक-एक लाख की आर्थिक सहायता राज्य सरकार देगी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरंग से बाहर निकले श्रमिकों से फोन पर बातचीत भी की और उनका मनोबल बढ़ाया। वहीं, श्रमिकों के बाहर आते ही जहां उनके परिजनों के चेहरे खुशी से दमक उठे, वहीं मौके पर मौजूद केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल समेत रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे अफसरों और कर्मियों के चेहरे खुशी से दमक उठे।

इसके साथ ही सिलक्यारा टनल में 17 दिनों से कैद मजदूरों ने भी राहत की सांस और बेस अस्पताल में खुली सांस के बीच जी भरकर पेट भर खाना भी खाया। इसके पूर्व टनल से सभी 41 मजदूरों को निकाल कर प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ में शिफ्ट किया गया। मुख्यमंत्री धामी बाहर निकाले गए श्रमिकों को गले लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल (सेनि) वीके सिंह भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने मजदूरों और रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए कर्मियों के मनोबल और साहस की जमकर सराहना की। श्रमिकों को बाहर निकालने के दौरान उनके परिजन भी टनल में मौजूद थे। टनल से बाहर निकाले गए श्रमिकों की प्रारंभिक स्वास्थ्य प्रशिक्षण टनल में बने अस्थाई मेडिकल कैंप में करने के बाद एंबुलेंस से अस्पताल में शिफ्ट किया गया।

गौरतलब हो कि पाइप के श्रमिकों के पास पहुंचने से पहले ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने मोर्चा संभाल लिया था। उधर, सुरंग से निकालने ने के बाद मजदूरों को जैसे ही चिन्यालीसौड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, वहीं पर आसपास के लोगों ने खुशी में जमकर आतिशबाजी की, जबकि बड़कोट नगर पालिका क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए पटाखे फोड़े। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मोदी है तो मुमकिन है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिंदाबाद के नारे लगाए।

यूपी के झांसी से आई रैट माइनर्स की टीम गदगद

सुरंग में मैन्युअल ड्रिलिंग को अंजाम देने वाले रैट माइनर्स की टीम बेहद खुश हैं। इसी टीम ने हाथों के जरिए करीब 9 मीटर तक ड्रिलिंग कर जहां रेस्क्यू ऑपरेशन को आखिरी मुकाम तक पहुंचाया, वहीं 41 मजदूरों की जिंदगी में छाए कुहासे को भी खत्म कर दिया। रैट माइनर्स का कहना है कि जब वह सुरंग तैयार कर अंदर घुसे तो अंदर फंसे मजदूर उन्हें देखकर बहुत खुश हुए। उधर, ऑगर मशीन के ऑपरेटर शंभू मिश्रा ने बताया, 1:50 मिनट पर जब पाइप आरपार हुआ, तो अंदर फंसे मजदूर खुशी से झूम उठे। उन्होंने हाथ हिलाकर खुशी जताई।

बैट-बॉल एनएचआईडीसीएल ऑफिस में सहेजकर रखेंगे : कर्नल दीपक

एनएचआईडीसीएल के महाप्रबंधक कर्नल दीपक पाटिल ने कहा, सुरंग के अंदर फंसे मजदूरों के लिए जो बैट बॉल भेजी गई थी, उसको अब एनएचआईडीसीएल ऑफिस में सहेजकर रखा जाएगा।

सुरंग से निकालने के पूर्व सीएम ने किए दो ट्वीट

‘सिलक्यारा टनल में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिली है, पाइप पुशिंग का कार्य मलबे के आर-पार हो चुका है। अब श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने की तैयारी शुरू कर दी गई है।’

‘बाबा बौखनाग जी की असीम कृपा, करोड़ों देशवासियों की प्रार्थना एवं रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे सभी बचाव दलों के अथक परिश्रम के फलस्वरूप श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए टनल में पाइप डालने का कार्य पूरा हो चुका है। शीघ्र ही सभी श्रमिक भाइयों को बाहर निकाल लिया जाएगा।’

एनएचआईडीसीएल श्रमिकों को एक माह तक सवेतन अवकाश देगी : सीएम

सुरंग के बाहर मजदूरों के बाहर निकलने के उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों से कहा, केंद्र सरकार के सहयोग से ही इस रेस्क्यू ऑपरेशन को कुशलता से अंजाम दिया गया है। उन्होंने घोषणा की कि एनएचआईडीसीएल कंपनी मजदूरों को एक माह तक सवेतन अवकाश देगी। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक श्रमिक को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी एलान किया।

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा, रेस्क्यू ऑपरेशन पर कितना भी खर्च हो यह मायने नहीं रखता, मायने रखता है लोगों की जान बचाना। उन्होंने कहा, सबसे पहले सुरंग से सबसे छोटे श्रमिक भाई को बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा, मजदूरों को उनके घरों को भेजने के लिए भी राज्य सरकार व्यवस्था करेगी।

उन्होंने कहा, इतनी बड़ी आपदा आने के बाद भी सभी मजदूर भाई सकुशल बचे हैं यह सबसे ज्यादा सकून देने वाली बात है। इस दौरान धामी ने मैन्युअल ड्रिलिंग का कार्य करने वाले रैट माइनर्स टीम का दिल से धन्यवाद दिया। उन्होंने घोषणा की कि राज्य में सभी निर्माणाधीन टनल प्रोजेक्ट की समीक्षा की जाएगी।

Loading

About The Author


Spread the love