मुख्यमंत्री, मंत्रियों और कोर कमेटी के सदस्यों संग की गोपनीय बैठक
नड्डा को काले झंडे दिखाने जा रहे युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता दबोचे गए
बेबाक दुनिया ब्यूरो
हरिद्वार। रविवार को हरिद्वार पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात को सुना। इसके बाद कोर कमेटी की गोपनीय बैठक में सदस्यों को आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर गुरु मंत्र देते हुए कई सुझाव और निर्देश भी दिए।


उधर, नड्डा को काले झंडे दिखाने की कोशिश कर रहे युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इससे पूर्व रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे दिल्ली से विशेष चार्टर्ड विमान से नड्डा जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, हरिद्वार के सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, सतपाल महाराज और डॉ. धन सिंह रावत ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
जौलीग्रांट से नड्डा मुख्यमंत्री संग कार से हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। वहीं, नड्डा ने सुबह ऋषिकुल आयुर्वेदिक कालेज के सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं संग सुना। मन की बात में मोदी ने मिशन चंद्रयान-3 की सफलता को बहुत बड़ी सफलता बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा, यह सफलता सभी के प्रयास से ही सफलता मिली है। इसके अलावा मिशन नारी शक्ति का जीवंत उदाहरण है। कहा, आज भारत की बेटियां अंतरिक्ष को चुनौती दे रही। वर्ल्ड यूनिवर्सिटी खेलों में 26 मेडल जीतने पर उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, खेल के प्रति लोगों की सोच बदल रही है। अपने मन की बात में संस्कृत का जिक्र करते हुए कहा, संस्कृत को लेकर देश में जागरूकता बढ़ी है।
उधर, भाजपा अध्यक्ष नड्डा को कॉलेज के बाहर काले झंडे दिखाने की कोशिश कर रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प भी हुई, इसके बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात सुनने के बाद नड्डा ने डैम कोठी में मुख्यमंत्री उनके कैबिनेट सहयोगियों और कोर कमेटी के सदस्यों के साथ गोपनीय बैठक की।

बताया जाता है कि नड्डा ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कई टिप्स दिए। साथ ही एकजुट होकर सरकार के जनता के हित में किए गए कार्यों और योजनाओं से मिल रहे लाभों को पुरजोर तरीके से आमजन के बीच उठाने को कहा। इसके अलावा अन्य सुझाव और निर्देश देने की बात भी कही जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में भाजपा के अब तक के कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

साथ ही आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से चर्चा के साथ सुझाव भी दिए गए। भाजपा अध्यक्ष नड्डा हरिद्वार में कई कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देर रात दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। नड्डा ने ऋषिकुल विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया। इसके अलावा देवसंस्कृति विश्वविद्यालय गायत्रीकुंज में वसुधैव कुटुंबकम व्याख्यानमाला को संबोधित किया। शाम को नड्डा गंगा आरती में भी शामिल होंगे।

![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश