बल्ब फैक्ट्री परिसर स्थित दो गोदामों में सोमवार देर रात दो बजे अचानक लगी आग
यूपी के सहारनपुर जिले से भी दमकल बुलानी पड़ी, देहरादून से भी पहुंची एक गाड़ी
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। हरिद्वार जिले के रुड़की कोतवाली क्षेत्र में भगवानपुर औद्योगिक इलाके की एक बल्ब फैक्ट्री में सोमवार की देर रात करीब दो बजे अचानक आग लगने से दो गोदाम राख हो गए, जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान हो गया।

आग इतनी भीषण थी कि बुझाने के लिए यूपी के सहारनपुर से भी फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ा। पुलिस के मुताबिक, बल्ब फैक्ट्री परिसर स्थित दो गोदामों को दो अन्य कंपनियों को किराए पर फैक्ट्री मालिक ने दे रखा है। इन्ही दोनों गोदामों में सोमवार की देर रात अचानक आग लग गई, जो देखते ही देखते विकराल रूप धारण करने लगी।

इस दौरान फैक्ट्री में रात की पाली में काम कर रहे करीब पांच दर्जन कर्मियों ने आग बुझाना शुरू किया और भगवानपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस कर्मचारी फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की ऊंची ऊंची लपटे देखकर रुड़की, हरिद्वार, लक्सर, भगवानपुर, देहरादून, ऋषिकेश और यूपी के सहारनपुर से फायर ब्रिगेड को फोन कर बुलाया गया।
इस दौरान करीब 13 फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को काबू करने की कोशिश शुरू की। बताया जाता है कि करीब 14 घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार देर शाम चार बजे फायर कर्मियों ने विकराल आग पर काबू पाया। इस दौरान आग से दोनों गोदाम में रखे करोड़ों रुपये का मैटेरियल पैकिंग समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया है।
उधर, एसपी देहात एसके सिंह ने बताया, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रथमदृष्टया आग का कारण का शार्ट सर्किट लग रहा है। उधर, फायर ब्रिगेड विभाग भी फैक्ट्री के अंदर आग बुझाने के उपकरणों की जांच कर रही है कि उपकरण एक्सपायर तो नहीं थे या इस लायक नहीं थे कि वो आग को बुझा सकें।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश