May 25, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

सुरंग में कैद 41 मजदूरों को ‘चार का दम’ देगा अब नई रोशनी

Spread the love

सुरंग के ऊपर से भी रविवार को वर्टिकल ड्रिलिंग का काम शुरू, करीब 24 मीटर तक हुई खोदाई

सुरंग के अंदर से ऑगर मशीन में फंसे बरमे को निकालने के लिए प्लाज्मा कटर से काटा जा रहा

सुरंग के पीछे वाले सुरंग में कैद 41 मजदूरों को ‘चार का दम’ देगा अब नई रोशनी से भी काम शुरू, अंदर मैन्युअल भी काम शुरू करने की प्रक्रिया पर विचार

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून/उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन सुरंग पर सिलक्यारा के पास मलबा आने से 12 नवंबर से अंदर फंसे 41 मजदूरों को निकालने के लिए अब चार योजना पर रविवार से काम शुरू का दिया गया है।

पहले सुरंग के अंदर से अमेरिकन ऑगर मशीन से ड्रिलिंग कर मजदूरों तक पहुंचने का काम किया गया। इस काम में काफी सफलता भी मिली और मजदूरों और ऑगर मशीन के मार्फत डाले जा रहे 800 एमएम के पाइप के बीच बस 8 से 10 मीटर का ही फासला बचा था, लेकिन पिछले बृहस्पतिवार शाम से इस मशीन में जो व्यवधान शुरू हुआ, वह रविवार को भी जारी रहा और मशीन के अंदर फंसे बरमे के टुकड़ों को ही अभी काटने का काम किया जा रहा है, जो शायद सोमवार तक चलेगा।

इसके लिए रविवार पांच बजे प्लाज्मा कटर भी बंगलुरू से सिलक्यारा पहुंच गया और इसके मार्फत अब तक करीब 30-35 मीटर तक बरमे को काटकर निकाला जा चुका है। अभी 13 मीटर तक और काटकर निकाला जाना है। इस काम में अभी समय और लग सकता है।

उधर, अब बिना देर किए सरकार ने अन्य तीन योजना पर भी रविवार से अमल शुरू करते हुए सुरंग के ऊपर वर्टिकल ड्रिलिंग का काम शुरू कर दिया है। 1.2 मीटर व्यास की 86 मीटर तक ड्रिलिंग मजदूरों तक पहुंचने के लिए की जानी है। रविवार रात नौ बजे तक 24 मीटर तक ड्रिलिंग की भी जा चुकी थी। अगले दो दिन में ड्रिलिंग पूरी कर ली जाएगी।

उधर, राहत एवं बचाव कार्य के प्रभारी कर्नल दीपक पाटिल ने बताया, मशीन से बरमे को काटकर निकालने में अभी 10 से 12 घंटे का समय और लग सकता है। बताया, रविवार को मजदूरों को नाश्ते में दलिया व दूध दिया गया, जबकि दिन के खाने में आलू, सोयाबीन व बींस की सब्जी, रोटी, मूंग की दाल और चावल भेजा गया।

अब मैन्युअल काम भी किया जाएगा : खैरवाल

सचिव उत्तराखंड शासन डॉ. नीरज खैरवाल ने पत्रकारों को बताया, पाइप में फंसे ऑगर बिट को निकालने के बाद आगे की माइनिंग का कार्य मैन्युअल रूप से किया जाएगा। जिसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अंदर फंसे सभी श्रमिक सकुशल हैं। बताया, श्रमिकों से संवाद के लिए बीएसएनएल की मदद से अतिरिक्त कम्युनिकेशन सेटअप तैयार किया गया है। श्रमिकों का निरंतर डॉक्टरों से संवाद करवाया जा रहा है।

होरिजेंटल ड्रिलिंग का कार्य भी शुरू : अहमद

केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्रालय के अपर सचिव और एनएचआईडीसीएल के प्रबंध निदेशक महमूद अहमद ने बताया, रविवार से वर्टिकल ड्रिलिंग के साथ ही परपेंडिकुलर होरिजेंटल ड्रिलिंग का कार्य भी शुरू किया गया है। इसके लिए मशीनें पहुंच चुकी हैं। बताया, ड्रिफ्ट टनल बनाने के विकल्प पर भी कार्य शुरू किया गया है। ड्रिफ्ट टनल का डिजाइन तय कर फ्रेम के फेब्रिकेशन का कार्य शुरू कर दिया गया है। बताया, टीएचडीसी ने भी बड़कोट साइड से टनल का निर्माण शुरू कर दिया है, जिसमें अब तक चार ब्लास्ट कर 10 मीटर का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

केंद्रीय गृह सचिव सिलक्यारा पहुंच रेस्क्यू कार्य देखेंगे

सोमवार (27 नवंबर) को केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला भी सिलक्यारा के दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस बाबत उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने बताया, गृह सचिव अजय कुमार भल्ला सोमवार को सिलक्यारा पहुंचेंगे और रेस्क्यू कार्यों की समीक्षा कर सुरंग का भी मुआयना कर सकते

रात इंडिगो की विशेष फ्लाइट से रेस्क्यू उपकरण दून एयरपोर्ट पहुंचे

देहरादून एयरपोर्ट पर शनिवार की देर रात सवा 12 बजे इंडिगो का विशेष विमान आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी एयरपोर्ट से देहरादून एयरपोर्ट रेस्क्यू उपकरणों को लेकर पहुंचा और इन उपकरणों को रात में ही उत्तरकाशी के सिलक्यारा के लिए रवाना भी कर दिया गया। इसके साथ ही शनिवार रात ही एक हरक्यूलिस विमान भी जरूरी उपकरणों के साथ एयरपोर्ट पहुंचा और इस सामान को भी उत्तरकाशी भिजवाया गया।

Loading

About The Author


Spread the love