September 11, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

तीन साल…रोजगार बेमिसाल, गारंटी तीन

Spread the love

प्रदेश के उपनल और संविदाकर्मियों के नियमितीकरण के लिए ठोस नीति बनाने का एलान

छात्रों-युवाओं पर फोकस, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए आर्थिक मदद और प्रशिक्षण

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। उत्तराखंड की भाजपा सरकार के तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के मौके पर रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्रों-युवाओं, उपनल और संविदाकर्मियों के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

सेवा, सुशासन और विकास के राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर परेड ग्राउंड में रविवार को हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपरोक्त घोषणाएं कीं। सीएम ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और स्नातक डिग्री प्राप्त युवाओं को सरकार द्वारा आर्थिक मदद देने का भी एलान किया। कहा, एक समर्पित मंच के माध्यम से उनके रोजगारपरक कौशल को विकसित करने को प्रशिक्षण की व्यवस्था भी राज्य सरकार करेगी। इसके लिए राज्य सरकार एक उच्चस्तरीय समिति का गठन करेगी।

कहा, उपनल एवं संविदाकर्मियों को नियमित नियुक्ति के लिए शीघ्र ही एक ठोस नीति तैयार की जाएगी। इसके अलावा 10 करोड़ रुपये तक के सरकारी कार्य उत्तराखंड के स्थानीय ठेकेदारों को ही दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री धामी ने सबसे पहले प्रदेश के अमर बलिदानियों और सरदार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि दी।

कहा, पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश ने कई चुनौतियों का सामना करते हुए सफलता प्राप्त की है। कई चुनौतियों के बावजूद इन तीन वर्षों में प्रदेश ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की। कहा, कुछ लोग जो बोलने में सावधानी नहीं रखते इनसे प्रदेश में कभी-कभी क्षेत्रवाद या जातिवाद की बातें सुनाई देती हैं। प्रदेश का कोई भी व्यक्ति यदि संकीर्ण क्षेत्रवाद या जातिवाद की बात करता है तो वो न केवल उन आंदोलनकारियों संग अन्याय करता है, जिन्होंने इस प्रदेश के निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, बल्कि मातृ-भूमि के खिलाफ भी कार्य करता है।

कहा, हमारी सरकार ने पिछले तीन वर्षों में जहां एक ओर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने की दिशा में कार्य किया है, वहीं 30 से अधिक नई नीतियां बनाकर प्रदेश के विकास का एक रोडमैप तैयार कर कई नई योजनाएं लागू की हैं। धामी ने कहा, प्रदेश की बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय औसत को भी पीछे छोड़ दिया है।

कहा, आर्थिक सुधारों का ही ये परिणाम है कि 2023-24 की तुलना में इस वर्ष राज्य के सकल घरेलू उत्पाद में 13.59 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कहा, देवभूमि से समान नागरिक संहिता की पवित्र गंगा प्रवाहित होने से पूरे देश में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। कहा, नकल विरोधी कानून के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। दंगा और धर्मांतरण विरोधी कानूनों की भी चर्चा की।

भू-कानून के संबंध में धामी ने कहा, इससे देवभूमि को भू-माफिया से बचाया जा सकेगा। कहा, जनता से जो वादे किए, उन्हें पूरा किया। मुख्यमंत्री ने विकास पुस्तिका सेवा, सुशासन और विकास के तीन वर्ष का विमोचन किया। इसमें सरकार द्वारा तीन साल में जनहित में लिए गए फैसले, योजनाएं और उपलब्धियां शामिल की गई हैं। कार्यक्रम में बाल भिक्षावृति निवारण प्रयास के अंतर्गत इंटेन्सिव केयर सेंटर साधूराम कॉलेज दून में प्रवेशरत शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़े 13 बच्चों को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना के तहत अधिग्रहीत भूमि के भूस्वामियों को अनुग्रह अनुदान के रूप में 10 करोड़ की धनराशि वितरित की गई। अटल आवास योजना के लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ने चेक और चाबी सौंपी। साथ ही राज्य सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं से लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया और सराहनीय कार्य करने वालों को प्रशस्तिपत्र दिए गए।

ये रहे मौजूद

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, मुन्ना सिंह चौहान, सविता कपूर, मेयर दून सौरभ थपलियाल, भाजपा महानगर देहरादून अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर मीनाक्षी सुंदरम, डीजीपी दीपम सेठ, जिलाधिकारी दून सविन बंसल, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, एसएसपी देहरादून अजय सिंह आदि।

Loading

About The Author


Spread the love