May 20, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

मुख्यमंत्री ने आवास, राज्यपाल ने परेड ग्राउंड में फहराया तिरंगा

Spread the love

सूचना विभाग की झांकी प्रथम, संस्कृत शिक्षा विभाग की द्वितीय, शिक्षा विभाग की झांकी को तृतीय स्थान मिला

राज्यपाल और सीएम धामी ने सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों को किया सम्मानित

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। 76वें गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास और प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने राजभवन और मुख्य कार्यक्रम स्थल परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राज्यपाल ने यहां परेड की सलामी भी ली।

उधर, प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैण के विधानसभा परिसर कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य हो रहे हैं। सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के लिए हम सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन करना है।

कहा, प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार राज्य के समग्र विकास के लिए हर क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। उधर, राजधानी स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने तिरंगा फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री धामी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अफसरों को सराहनीय सेवाओं के लिए पदक अलंकरण कर सम्मानित किया।

राज्यपाल ने कहा, हमने आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक भारतवर्ष को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। हम इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। देश की विकास यात्रा में उत्तराखंड भी बढ़-चढ़कर योगदान दे रहा है। राज्य सरकार के प्रयासों और प्रदेशवासियों के परिश्रम से हम न केवल आर्थिक और सामाजिक विकास के नए आयाम छू रहे हैं, बल्कि देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में भी कदम बढ़ा रहे हैं।

राज्यपाल ने प्रदेश की मातृशक्ति और बेटियों की क्षमताओं पर गर्व करते हुए कहा, उनकी मेहनत, समर्पण और साहस ने प्रदेश को हमेशा नई ऊर्जा और दिशा दी है। विश्वास जताया कि महिलाएं अपनी प्रतिभा और कौशल से उत्तराखंड की संभावनाओं को अवसरों में बदलकर प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी।

उधर, परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सूचना विभाग द्वारा 38वें राष्ट्रीय खेलों से संबंधित झांकी, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, पर्यटन विभाग, उद्यान विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, उद्योग विभाग एवं संस्कृत शिक्षा विभाग द्वारा कई कार्यक्रमों, योजनाओं तथा नीतियों पर आधारित झांकियों का भी प्रदर्शन किया गया। सूचना विभाग की झांकी प्रथम, संस्कृत शिक्षा विभाग द्वितीय और शिक्षा विभाग की झांकी को तृतीय स्थान मिला। राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।

परेड करने वाली टुकड़ियों में सीआरपीएफ प्रथम, 14वीं डोगरा रेजीमेंट आर्मी द्वितीय और 40वीं वाहिनी महिला पीएसी तृतीय स्थान पर रहीं। सभी को राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राज्य के लोक कलाकारों ने सांस्कृृतिक लोक नृत्य का मनमोहक प्रदर्शन किया, जिसमें राज्य की समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिली। कई सांस्कृतिक दलों द्वारा छोलिया नृत्य, गढ़वाली नृत्य, पांडव नृत्य, भांगडा आदि का महमोहक प्रदर्शन किया गया।

ये रहे मौजूद

मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, प्रेमचंद्र अग्रवाल, राज्य सभा सांसद नरेश बंसल, राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट, विधायक खजान दास, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी दीपम सेठ, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह आदि।

उत्कृष्ट सेवा के लिए इनको मिला पदक

चक्रधर अन्थवाल, अपर पुलिस अधीक्षक, आईआरबी द्वितीय, नवनीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ, योगेश चंद, पुलिस उपाधीक्षक, अभिसूचना मुख्यालय, भूपेंद्र सिंह भंडारी, पुलिस उपाधीक्षक, ऊधमसिंह नगर, रविन्द्र कुमार वर्मा (सेनि), उप निरीक्षक, देवेंद्र सिंह, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी, देहरादून, दिनेश चंद्र पाठक, लीडिंग फायरमैन, बागेश्वर, लक्ष्मण सिंह नेगी, लीडिंग फायरमैन, अल्मोड़ा, गिरीश सिंह बिष्ट, अग्निशमन अधिकारी, ऊधमसिंह नगर, दिनेश चंद्र भट्ट, फायर सर्विस चालक, देहरादून।

राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक

केवल खुराना पुलिस महानिरीक्षक, ट्रेनिंग, अजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून, प्रमेंद्र सिंह डोभाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार, लोकजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण देहरादून, सुरजीत सिंह पंवार, अपर पुलिस अधीक्षक, 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार, दीपक सिंह पंवार, उप निरीक्षक, पौड़ी गढ़वाल, ज्योति कन्याल, उप निरीक्षक, देहरादून, प्रमोद कुमार उनियाल, अपर उप निरीक्षक, उत्तरकाशी।

Loading

About The Author


Spread the love