May 18, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

विस भवन में सादगी से मना स्थापना दिवस

Spread the love

उत्तराखंड को समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे : खंडूड़ी

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। उत्तराखंड विस सचिवालय में राज्य स्थापना दिवस विस अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण की अध्यक्षता में सादगी से मनाया गया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और राज्य निर्माण के आंदोलनकारियों की सेवा एवं संघर्ष को याद किया।

उन्होंने राज्य स्थापना दिवस पर अल्मोड़ा में हुए बस दुर्घटना में मृतकों की याद में संवेदनाएं व्यक्त कर श्रद्धांजलि। कहा, राज्य आंदोलनकारियों के बलिदान की ही देन है कि हमें यह राज्य मिला है। कहा, राज्य स्थापना दिवस हमारे लिए गर्व और सम्मान का दिन है। इन वर्षों में राज्य ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन हर कठिनाई के बावजूद प्रगति की राह पर निरंतर कदम बढ़ाए हैं। राज्य की जनता ने हमेशा विकास के लिए संघर्ष किया है और हम सभी ने उत्तराखंड को समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रयास किए हैं।

उन्होंने राज्य निर्माण के समय की कठिनाइयों और संघर्षों को याद करते हुए कहा, उत्तराखंड के निर्माण के समय यहां की जनता ने जो संघर्ष किया था, वह कभी भुलाया नहीं जा सकता। राज्य के विकास के लिए हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है और हम सभी को मिलकर इस राज्य को नया मुकाम तक पहुंचाना है। उन्होंने राज्य के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक उत्थान के लिए सरकार की योजनाओं की भी चर्चा की।

कहा, हमें अपने युवाओं को राज्य के विकास में सक्रिय रूप से शामिल करना होगा, ताकि आने वाली पीढ़ी को मजबूत और समृद्ध उत्तराखंड मिल सके। हम सभी को मिलकर राज्य की सांस्कृतिक धरोहर और प्राकृतिक संपदा को सहेजते हुए विकास की दिशा में कार्य करना होगा। प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के विचारों को याद करते हुए कहा, प्रधानमंत्री ने जो वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना देखा है, उसमें उत्तराखंड राज्य की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कहा, राज्य में अपार संसाधन और प्राकृतिक सौंदर्य है और अगर हम इनका सही उपयोग करें तो हम न केवल अपने राज्य को, बल्कि पूरे देश को प्रगति की दिशा में और अधिक मजबूत बना सकते हैं।

ये रहे मौजूद

अपर सचिव संसदीय एवं विधायी अरविन्द भट्ट, प्रभारी सचिव विधानसभा हेम पंत, विशेषकार्य अधिकारी अशोक शाह, संयुक्त सचिव चंद्र मोहन गोस्वामी, उपसचिव मनोज जसपुरिया, विशाल शर्मा, नरेंद्र रावत, अजय अग्रवाल, रवि बिष्ट, पंकज पुंडीर और प्रकाश रावत आदि।

Loading

About The Author


Spread the love