February 15, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

उन्नाव : महिला की हत्या कर शव बक्से में बंद कर नदी में फेंका

Spread the love

बीघापुर कोतवाली क्षेत्र में लोन नदी पुल के नीचे मिला बक्सा, वजनदार चीज से कूचा गया चेहरा, शिनाख्त नहीं

बेबाक दुनिया डेस्क

उन्नाव। महिला की हत्या कर शव बक्से में बंद कर लोन नदी पुल के नीचे किसी ने फेंक दिया। शिनाख्त मिटाने को महिला का चेहरा किसी वजनदार चीज से कूच भी दिया गया। पुलिस ने शनिवार को बॉक्स बरामद कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के बीघापुर-गढ़ाकोला मार्ग पर जाजनपुर मोड़ के लोन नदी पुल के नीचे शनिवार को दोपहर सवा बारह बजे चरवाहों ने एक बक्सा पड़ा देखा। बक्से से दुर्गंध आ रही थी। चरवाहों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बक्से से बाहर निकाला।

इस दौरान पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन नहीं हो पाई। जिला पुलिस के मुताबिक, शव दो से तीन दिन पुराना लग रहा है। पुलिस ने बताया कि महिला की उम्र 40-45 वर्ष हो सकती है। उधर, लोगों में चर्चा है कि महिला की हत्या कर शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, हल्के गुलाबी रंग का कुर्ता और सलवार के साथ महिला के हाथ में कलावा बंधा हुआ है। इस बाबत एसओ अखिलेश तिवारी ने बताया कि शव कहीं दूसरी जगह से लाकर यहां फेंक दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाकर शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

Loading

About The Author


Spread the love