May 25, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

केंद्रीय मंत्री और डीजीपी ने सिलक्यारा टनल का किया निरीक्षण

Spread the love

केंद्रीय मंत्री ने कहा, सिलक्यारा टनल में फंसे सभी मजदूरों को निकालना राज्य और केंद्र सरकार की पहली प्राथमिकता है

केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल (रिटा.) वीके सिंह ने टनल के अंदर फंसे मजदूरों को निकालने के कार्यों की समीक्षा भी की

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। बृहस्पतिवार को केंद्रीय नागर विमानन, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल (रिटा.) वीके सिंह और उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने सिलक्यारा पहुंचकर टनल में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए चल रहे ऑपरेशन का निरीक्षण किया।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने राहत एवं बचाव कार्य का लिया जायजा। इसके बाद रेस्क्यू कार्य में लगे अफसरों संग बैठक लेकर अभियान की समीक्षा की और जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। इसके बाद सिंह ने टनल में रेस्क्यू ऑपरेशन एवं ऑगर मशीन से ड्रिलिंग की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। रेस्क्यू अभियान की समीक्षा के बाद पत्रकारों से वार्ता कर कहा, टनल में फंसे मजदूरों को निकालना सरकार की पहली प्राथमिकता है।

कहा, टनल विशेषज्ञों के अंतरराष्ट्रीय संगठन और विशिष्ट प्रकृति के रेस्क्यू कार्यों में उच्चतम कोटि की दक्षता और अनुभव रखने वाले संगठनों व विशेषज्ञों से भी लगातार सलाह मशविरा किया जा रहा है। कहा, सरकार मजदूरों को जल्द से जल्द बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है और वैकल्पिक रणनीति भी तैयार की गई है। राज्य सरकार रेस्क्यू अभियान में उल्लेखनीय और सराहनीय सहयोग कर रही है।

रेस्क्यू अभियान पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि अभियान जल्द कामयाबी के साथ से संपन्न हो जाएगा। इस मौके पर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव अनुराग जैन, चीफ इंजीनियर राहुल गुप्ता, उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार, उत्तरकाशी के जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला, पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी, रेस्क्यू प्रभारी कर्नल दीपक पाटिल, एनएचआईडीसीएल के अधिशासी निदेशक संदीप सुधेरा और निदेशक अंशु मनीष खलको मौजूद रहे।

Loading

About The Author


Spread the love