उत्तराखंड के मैदानी और पहाड़ी दोनों क्षेत्रों में दो बार लोगों ने भूकंप के तेज झटके किए महसूस
उत्तर प्रदेश के कानपुर, सीतापुर, नोएडा बिजनौर, लखनऊ और मेरठ समेत कई जिलों में लगे झटके
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में मंगलवार दोपहर बाद भूकंप के तेज झटकों से लोग सहम गए। उत्तराखंड में 36 मिनट के अंतराल में दो बार भूकंप के तेज झटके लगे। यहां सचिवालय में काम कर रहे लोग काम छोड़कर बाहर निकल आए।
इस बाबत देहरादून स्थित वाडिया इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिकों के मुताबिक, पहला भूकंप का तेज झटका 2.25 मिनट पर लगा। इसकी तीव्रता 4.9 रिएक्टर पैमाना था, जबकि दूसरा झटका 2.51 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 5.7 थी। चमोली जिले के कर्णप्रयाग, नारायणबगड़, थराली, गैरसैंड, जोशीमठ, पौड़ी गढ़वाल के पौड़ी, कोटद्वार, श्रीनगर, धुमाकोट, लैंसडाउन, सतपुली समेत आदि कई क्षेत्रों में भी भूकंप के झटके आते ही लोग घरों से बाहर निकल आए।
उधर, राजधानी देहरादून के सचिवालय में काम कर रहे कर्मचारी और अधिकारी काम छोड़कर बाहर निकल आए। वहीं, मसूरी, ऋषिकेश, उत्तरकाशी, बड़कोट, टिहरी, कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़, नैनीताल में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। उधर, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कंट्रोल रूम के अनुसार, भूकंप से कहीं भी किसी भी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, भूकंप का केंद्र नेपाल के दिपायल से 38 किलोमीटर दूर जमीन के अंदर पांच किमी था। उधर, उत्तर प्रदेश में भी 2.51 बजे भूकंप का तेज झटका लोगों ने महसूस किया, जिससे लोग सहम गए। यूपी के मेरठ, कानपुर, बिजनौर, सहारनपुर, नोएडा, सीतापुर, बरेली, राजधानी लखनऊ, मुरादाबाद, गाजियाबाद, बुलंदशहर, श्रावस्ती, बागपत और अमरोहा आदि में भी तेज झटके महसूस किए गए।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश