May 25, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

नौवें दिन सुरंग में फंसे मजदूरों को मिला भोजन, खाई खिचड़ी

Spread the love

सुरंग में फंसे मजदूरों तक छह इंच के पाइप को ड्रिल कर पहुंचाई गई खिचड़ी

बेबाक दुनिया ब्यूरो

उत्तरकाशी। सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 मजदूरों तक भोजन आदि भेजवाने के लिए सोमवार को छह इंच का एक अतिरिक्त पाइप सफलता के साथ ड्रिल कर हादसे के नौवें दिन मजदूरों तक देर रात बोतलों से खिचड़ी पहुंचाई गई।

उधर, सिलक्यारा सुरंग के बड़कोट छोर से भी सुरंग में ड्रिलिंग का काम शुरू हो गया। इसके लिए टीएचडीसी की आठ से 10 लोगों की टीम सिलक्यारा पहुंच गई है। यहां से दो से ढाई मीटर व्यास की सुरंग तैयार की जाएगी। वहीं, सुरंग के अंदर फंसे 41 मजदूरों की जिंदगियां बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान और भी तेज कर दिया गया है।

सुरंग के ऊपर ड्रिलिंग के लिए 1200 मीटर अस्थायी सड़क बनाई जानी है। रविवार शाम तक 900 मीटर सड़क बना ली गई थी। वहीं, पूरी सड़क का काम संपन्न करने के लिए लोक निर्माण विभाग व बीआरओ के श्रमिक मौके पर पहुंच गए हैं। उधर, एलएंडटी (लारसन एंड टूब्रो) की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद के लिए बिहार व झारखंए से यहां पहुंच गई है।

टीम में 13 लोग शामिल हैं जो वर्टिकल ड्रिलिंग के सर्वे के लिए संबंधित उपकरण लेकर पहुंचे हैं। उधर, टनल के ऊपर आरवीएनएल भी आठ इंच का ड्रिल करेगी। इसके लिए टीम ने सर्वे भी शुरू कर दिया है। 80 मीटर के पाइप से मजदूरों को भोजन और दवाई आदि उपलब्ध कराई जाएगी। सुरंग के ऊपर ड्रिलिंग का काम आरवीएनएल और एसजेवीएनएल मिलकर करेगी।

अंतरराष्ट्रीय टनल विशेषज्ञ अर्नोल्ड डिक्स भी सिलक्यारा पहुंचे

सिलक्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए चलाये जा रहे रेस्क्यू अभियान में सहयोग करने के भारत सरकार के आग्रह पर अंतरराष्ट्रीय टनल विशेषज्ञ अर्नोल्ड डिक्स भी सोमवार को सिलक्यारा पहुंच गए। अर्नोल्ड डिक्स इंटरनेशनल टनलिंग एंड अंडरग्राउंड स्पेस एसोसिएशन (आईटीए) के अध्यक्ष भी हैं। रेस्क्यू अभियान में समन्वय के नोडल अधिकारी और सचिव डॉ. नीरज खैरवाल, एनएचएआईडीसीएल के एमडी महमूद अहमद, निदेशक अंशु मनीष खलखो,  जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने डिक्स के साथ विचार विमर्श कर रेस्क्यू अभियान की रणनीति पर चर्चा की।

डिक्स ने सुरंग के अंदर और बाहर किया मुआयना

दुनियाभर में भूमिगत सुरंगों के निर्माण और जोखिम से निपटने की काबलियत रखने वाले अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ प्रोफेसर अर्नोल्ड डिक्स ने सुरंग के अंदर और बाहर का निरीक्षण कर बचाव कार्य में जुटी एजेंसियों से विस्तार से बातचीत की। डिक्स का कहना था कि श्रमिकों को जल्द सुरक्षित बचा लिया जाएगा। कहा, काफी तेजी से काम चल रहा और टनल के भीतर की कंडीशन ठीक है।

टनल के ऊपर 320 मीटर दूरी पर ड्रिल होगी

सिलक्यारा सुरंग की पहाड़ी पर ड्रिलिंग के लिए सर्वे करते हुए इंटरनेशनल टनलिंग और अंडरग्राउंड स्पेस एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रोफेसर अर्नोल्ड डिक्स और अन्य विशेषज्ञों ने टनल के ऊपर 320 मीटर दूरी पर ड्रिल के लिए स्थान चुना है। यहां से 89 मीटर गहराई तक ड्रिल होगी।

Loading

About The Author


Spread the love