July 11, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

289 अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने प्रदान किए नियुक्तिपत्र

Spread the love

कहा, तीन साल में राज्य में 17,500 अभ्यर्थियों को प्रदान किए जा चुके हैं नियुक्तिपत्र

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा -2021 के चयनित 19 विभागों के 289 अधिकारियों को नियुक्तिपत्र प्रदान किए। कहा, राज्य में तीन साल में 17,500 से अधिक अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने सभी को शुभकामना एवं बधाई देते हुए कहा, आज हमारे इन युवा अधिकारियों के जीवन में नई शुरुआत हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साल 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में इन युवा कर्णधारों का योगदान भी महत्वपूर्ण होगा। कहा, हमारे ये युवा अधिकारी आजादी के अमृतकाल के सिपाही हैं, जो विकसित भारत के स्वप्न को पूरा करेंगे। राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में इनकी नियुक्ति होने से जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी।

कहा, हमारी सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया था कि राज्य के सरकारी विभागों में रिक्त सभी 24 हजार पदों को भरा जाएगा। अभी अनेक पदों पर भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। कहा, उत्तराखंड को देश का अग्रणी और आदर्श राज्य बनाने के लिए सभी को टीम भावना से कार्य करना है। आज राज्य हर क्षेत्र में देश में विशिष्ट पहचान बना रहा है। नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों की रैंकिंग में प्रथम स्थान मिला है।

मुख्यमंत्री ने चयनित अफसरों से अपेक्षा की कि वे अपने कार्यक्षेत्र में नियमित नवचार लाएंगे। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर के लोगों तक सहजता से पहुंचाएंगे। कहा, हमारे ये अधिकारी सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करेंगे। आशा व्यक्त की कि आजादी के अमृतकाल के हमारे ये कर्मयोगी प्रशासनिक क्षमता से लोगों की सेवा कर राज्य को लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ायेंगे।

इन अफसरों को प्रदान किए गए नियुक्ति पत्र

10 डिप्टी कलक्टर, 10 डिप्टी एसपी, 18 वित्त अधिकारी, 16 सहायक आयुक्त राज्य कर, तीन कारागार अधीक्षक, 11 सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ), 28 खंड विकास अधिकारी, चार कार्य अधिकारी जिला पंचायत, सात सहायक निबंधक सहकारिता, चार जिलापूर्ति अधिकारी, तीन उप संभागीय विपणन अधिकारी, पांच जिला समाज कल्याण अधिकारी, 17 सहायक निदेशक उद्योग, दो सहायक श्रम आयुक्त, तीन सहायक निदेशक कारखाना, 32 उप शिक्षाधिकारी, 11 जिला सूचना अधिकारी/सूचना अधिकारी, तीन सहायक निदेशक मत्स्य, एक सहायक गन्ना आयुक्त, 19 बाल विकास परियोजना अधिकारी, दो जिला परिवीक्षा अधिकारी, दो जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, 28 राज्य कर अधिकारी, 12 उप निबन्धक श्रेणी-2, एक अधीक्षक राजकीय प्रमाणित संस्था, एक प्रचार अधिकारी पर्यटन, तीन केस वर्कर, 10 सहायक निदेशक कृषि एवं उद्यान, 20 उद्यान विकास अधिकारी, एक मशरूम विकास अधिकारी, एक पौध सुरक्षा अधिकारी और एक खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी।

ये रहे मौजूद

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्या, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, एल फैनई, डीजीपी अभिनव कुमार आदि।

Loading

About The Author


Spread the love